पटना. भारत का अगला राष्ट्रपति कौन होगा, इसकी रेस शुरू हो चुकी है. विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया गया है. वहीं, सत्तारूढ़ NDA की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई है. इसके साथ ही खेमेबाजी का दौर भी शुरू हो गया है. इस बीच, राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सबसे बड़ी खबर बिहार से सामने आ रही है. बिहार NDA के प्रमुख घटक दल जनता दल यूनाइटेड ने भी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने पत्ते खोल दिए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान किया है. बता दें कि इस मसले पर जेडीयू के नेताओं ने चुप्पी साध रखी थी, जिससे सबकी निगाहें उसी की तरफ थीं. अब जाकर पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा कर दी है.
जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का ऐलान कर दिया. उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. मुंगेर से जेडीयू सांसद ललन सिंह ने लिखा, ‘राष्ट्रपति के चुनाव में गरीब परिवार में जन्मीं एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सैद्धांतिक रूप से महिला सशक्तीरण एवं समाज के शोषित वर्गों के प्रति समर्पित रहे हैं. जनता दल (यू) द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का स्वागत एवं समर्थन करती है. राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने पर उनको मेरी हार्दिक शुभकामनाएं.’ ललन सिंह के इस ट्वीट के बाद राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन को लेकर छाए बादल हट गए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
FIRST PUBLISHED : June 22, 2022, 13:26 IST